जौनपुर,21 फरवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वाधान में 50 माटीकला कारीगरों को नि:शुल्क विद्युत चालित चाक और 03 पगमिल का वितरण किया गया। इसके साथ ही, जिला ग्रामोद्योग कार्यालय मतापुर परिसर में एक दिवसीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष ामनोरमा मौर्या और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने विद्युत चालित चाक का नि:शुल्क वितरण किया। कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी वी. के. सिंह ने माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने भी उद्योग विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। अतिथिगण ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पारंपरिक कारीगरों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं और कई लाभकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ सभी को मिल रहा है। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश ने किया। इस अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी वाराणसी मंडल यू.पी. सिंह, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र जौनपुर, ब्लाक प्रमुख सुइथाकला डॉ. उमेश चंद्र तिवारी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी और कार्यालय के सभी स्टाफ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

