पुलिस जांच जारी
घटना शादी वाले दिन की बताई जा रही है।
दोनों बहनें अपने कमरे में मृत पाई गईं।
शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध बताया जा रहा है।
पुलिस हत्या और आत्महत्या—दोनों एंगल से जांच कर रही है।
जोधपुर 22 Feb, (Rns) । सूरसागर थानान्तर्गत मणाई गांव के एक मकान में दो बहनों की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था। घरवाले व रिश्तेदारों ने बंदोली में जमकर नृत्यु किए थे, लेकिन कुछ ही देर में यह खुशियां मातम में बदल गईं। बारात आने से बीस घंटे पहले ही दोनों दूल्हन बहनों की मृत्यु हो गई। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि जहरीला पदार्थ खाकर दोनों ने आत्महत्या की है। कारण अभी पता नहीं लग पाया है, लेकिन दोनों के शादी से नाखुश होने की आशंका जताई गई है।
थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी ने बताया कि मणाई गांव निवासी दीपसिंह की पुत्री शोभा (25) और विमला (23) की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हुई है। अब तक की जांच से अंदेशा है कि दोनों ने आत्महत्या की है। इस संबंध में सुबह छह बजे सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल, एमओबी व डॉग स्क्वॉयड बुलाकर जांच कराई गई। तत्पश्चात शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भेजे गए, जहां मर्ग दर्ज करने के बाद मेडिकल बोर्ड गठित कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
विसरा की एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या का कोई कारण पता नहीं लगा है। दोनों बहनों की करीब 20 घंटे बाद ही बारात आनी थी और शादी होनी थी। आइपीएस अधिकारी व एडीसीपी (पश्चिम) रोशन मीणा, सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) रविन्द्र बोथरा भी मौके पर पहुंचे व जांच की।

