दिल्ली 23 Feb, (Rns) : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज सुबह एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान तमिलनाडु से 6 और पश्चिम बंगाल से 2 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुछ के बांग्लादेशी नागरिक होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनके कब्जे से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनकी तकनीकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इन संदिग्धों का कथित हैंडलर शब्बीर अहमद लोन उर्फ शब्बीर शाह, मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में था।
स्पेशल सेल के अनुसार, बांग्लादेश में बैठा लश्कर का यह मॉड्यूल भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को भर्ती करने में जुटी है और इसके लिए फंडिंग भी कर रही है।
बताया जा रहा है कि शब्बीर अहमद लोन वर्ष 2007 से ही लश्कर प्रमुख हाफिज सईद और 26/11 हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में था। वर्ष 2007 में स्पेशल सेल द्वारा दिल्ली में उसकी गिरफ्तारी के दौरान भी इस तरह के संपर्कों के प्रमाण मिले थे।फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां अन्य संभावित कड़ियों की भी तलाश कर रही हैं।

