लखनऊ 23 फरवरी (आरएनएस )। राजधानी में संचालित बोर्ड परीक्षाओं के बीच परीक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा नियमों की अनदेखी कर संबंधित विषय के अध्यापकों से ही उसी विषय की बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार जिस विषय की परीक्षा आयोजित हो, उस विषय के शिक्षक से परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी नहीं कराई जा सकती, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे। इसके बावजूद कई परीक्षा केंद्रों पर इस नियम का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। उनका कहना है कि यदि नियमों को दरकिनार कर परीक्षा कराई जाएगी तो निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित होगी।जनपद के बप्पा वोकेशनल गल्र्स इंटर कॉलेज, मोतीलाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एमकेएसडी इंटर कॉलेज, विद्यांत इंटर कॉलेज, सेंटिनल इंटर कॉलेज और गुरुनानक गल्र्स इंटर कॉलेज सहित अधिकांश केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता न होने से परीक्षा संचालन प्रभावित हो रहा है। केंद्र व्यवस्थापक लगातार अधिकारियों से संपर्क कर कक्ष निरीक्षकों की मांग कर रहे हैं, लेकिन आवश्यक संख्या अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।महेंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक की कार्यप्रणाली के कारण शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है और शिक्षा विभाग पूरे मामले में मौन है। उन्होंने एक ऐसे शिक्षक का भी उल्लेख किया जिनकी हाल ही में हृदय सर्जरी हुई है, बावजूद इसके उनकी ड्यूटी घर से लगभग 50 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र पर लगा दी गई है और अब तक उसमें संशोधन नहीं किया गया। इसे प्रशासनिक संवेदनहीनता बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।पार्टी ने मांग की है कि संबंधित विषय के अध्यापकों से उसी विषय की परीक्षा में ड्यूटी कराने पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा गंभीर रूप से अस्वस्थ शिक्षक की ड्यूटी निकटतम केंद्र पर स्थानांतरित की जाए। अन्यथा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

