नईदिल्ली,23 फरवरी (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इजरायल दौरे पर जाने वाले हैं। भारत प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे पर इजरायल से कई उन्नत हथियारों को खरीदने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक रक्षा सहयोग को और मजबूत किया जाएगा। भारत अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने और हवाई खतरों से सुरक्षा मजबूत करने के लिए नई तकनीक हासिल करने पर जोर दे रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे पर एडवांस्ड ड्रोन, लंबी दूरी की मिसाइलें और लेजर आधारित रक्षा प्रणाली खरीद सकता है। खास फोकस इजरायल के आयरन बीम लेजर सिस्टम पर है, जो रॉकेट और ड्रोन को हवा में ही नष्ट करने की क्षमता रखता है। इसके अलावा, प्रिसिजन बम, बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य आधुनिक हथियारों पर भी चर्चा हो सकती है, जिससे भारतीय सेना की ताकत और बढ़ेगी।
भारत एक मजबूत बहुस्तरीय एयर डिफेंस शील्ड बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसका उद्देश्य मिसाइल, ड्रोन और हवाई हमलों से सुरक्षा देना है। भारत का रक्षा अनुसंधान संगठन भी लेजर हथियार विकसित कर रहा है, लेकिन इजरायल का सिस्टम अधिक ताकतवर और तेज प्रतिक्रिया देने वाला माना जाता है। हाल के सैन्य अभियानों में इजरायली हथियारों के सफल उपयोग से दोनों देशों के सहयोग को और बल मिला है।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान रक्षा सहयोग को औपचारिक रूप देने की उम्मीद है। दोनों देश तकनीक साझा करने और संयुक्त रूप से आधुनिक हथियार विकसित करने पर समझौता कर सकते हैं। भारत सुदर्शन चक्र नामक स्वदेशी एयर डिफेंस कार्यक्रम पर भी काम कर रहा है, जिसका लक्ष्य 2035 तक बड़े शहरों और अहम ठिकानों की सुरक्षा है। इजरायल पहले से ही भारत का प्रमुख और भरोसेमंद रक्षा आपूर्तिकर्ता बन चुका है।
००

