नईदिल्ली,23 फरवरी (आरएनएस)। हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने तेजस लड़ाकू विमान के क्रैश होने की खबरों का खंडन किया है। एचएएल ने कहा है कि जमीन पर ही विमान में मामूली तकनीकी खराबी आई थी और उड़ान के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। दरअसल, इससे पहले खबर आई थी कि 7 फरवरी को लैंडिंग के दौरान तेजस विमान का ब्रेक फेल हो गया था। हादसे से पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया था, लेकिन विमान को नुकसान पहुंचा।
एचएएल ने कहा, तेजस के क्रैश की कोई खबर नहीं है। जिस घटना की बात हो रही है, वह जमीन पर हुई एक छोटी तकनीकी घटना थी। तेजस समकालीन लड़ाकू विमानों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा रिकॉर्ड में से एक को बनाए रखता है। एसओपी के तौर पर, इस मामले का गहराई से विश्लेषण किया जा रहा है। एचएएल जल्द समाधान के लिए भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर काम कर रहा है।
सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि 7 फरवरी को लैंडिंग के दौरान तेजस का ब्रेक फेल हो गया और वो रनवे से आगे निकल गया। हादसे में विमान के ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान प्रशिक्षण उड़ान के बाद लौट रहा था, तब ये हादसा हुआ। सूत्रों ने दावा किया कि घटना के बाद वायुसेना ने तेजस विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी है।
००

