-पीडित ने एसडीएम मिल्कीपुर से की शिकायत
मिल्कीपुर-अयोध्या 23 फरवरी (आरएनएस)। खण्डासा गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष उनकी पैतृक कब्जा सुदा भूमि पर जबरन खाई बांधकर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इस संबंध में उप जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। सुरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि गांव के विपक्षी गाटा संख्या 1057 व 1058 के खातेदार हैं और उसी की आड़ में उनके परिवार की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर उनकी पैतृक भूमि पर जबरन खाई खुदवाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी विस्तारवादी प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और आए दिन जमीन पर थोड़ा-थोड़ा अतिक्रमण करने की धमकी देते रहते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्हें इस अवैध कब्जे की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने 11 फरवरी, 13 फरवरी एवं 19 फरवरी को अयोध्या के जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र देकर भूमि पर जबरन बांधी गई खाई को हटवाने की मांग की थी। इसके बावजूद तहसील स्तर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विपक्षियों के हौसले बुलंद हैं। सुरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो विपक्षी पूरी जमीन पर कब्जा कर सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मौके पर राजस्व टीम भेजकर सीमांकन कराने तथा अवैध रूप से बनाई गई खाई को तत्काल हटवाने की मांग की है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सधीर कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

