नईदिल्ली,23 फरवरी (आरएनएस)। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानों तक तापमान में इजाफा होने से सर्दी का अहसास कमजोर पड़ता दिख रहा है। दिल्ली समेत कई शहरों में पारा 30 डिग्री के आस-पास पहुंच गया है। उत्तराखंड में रविवार को 5 जिलों में रुक-रुककर बर्फबारी हुई, जो आज भी जारी रह सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, असम, पश्चिम बंगाल, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और अंधड़ चलने की संभावना जताई है।
मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में रविवार को बूंदाबांदी हुई, जबकि अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। आज भी कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। राजस्थान के 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच गया। बाड़मेर में पारा 33.6 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में अगले 48 घंटे में तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ सकता है, वहीं उत्तर प्रदेश में भी मौसम साफ रहने से गर्मी का अहसास तेज होगा।
००

