लखनऊ, 26 फरवरी (आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक विशेष अभियान चलाया। यह अभियान 25 फरवरी 2026 की रात 9 बजे से 11 बजे तक जनपद के सभी जोनों में एक साथ संचालित किया गया। अभियान के दौरान कुल 329 स्थानों पर सघन चेकिंग की गई और 2211 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें से 326 व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पाए जाने पर विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। जनपद के सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों, पार्कों, बाजारों, बस अड्डों, चौराहों और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाया।पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर हुड़दंग करते हैं, जिससे राहगीरों, महिलाओं और आम नागरिकों को असुविधा होती है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सघन अभियान चलाने का निर्णय लिया।अभियान के दौरान मध्य जोन में 79 स्थानों पर 453 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 28 के खिलाफ कार्रवाई हुई। पूर्वी जोन में 58 स्थानों पर 378 व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान 33 लोगों का चालान किया गया। दक्षिणी जोन में 46 स्थानों पर 259 व्यक्तियों की जांच में 25 के खिलाफ कार्रवाई की गई। पश्चिमी जोन में सर्वाधिक 116 स्थानों पर 846 व्यक्तियों की जांच की गई, जहां 204 लोगों पर कार्रवाई हुई। उत्तरी जोन में 30 स्थानों पर 275 व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान 36 लोगों का चालान किया गया।पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई है। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि आमजन की शिकायतों के दृष्टिगत यह विशेष अभियान चलाया गया है और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध तत्काल और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंगई से दूर रहें। पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति, सुरक्षा और अनुशासित वातावरण बनाए रखना है, ताकि सभी नागरिक निर्भय होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

