चित्रकूट 26 फरवरी (आरएनएस)। सीतापुर के तिगोडी माता मंदिर के पास एक पुजारी को बदमाश अधमरा कर सडक किनारे फेंक गए। उसकी कुटिया में रखी नकदी व कुछ अन्य सामग्री लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुजारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधोइन निवासी बच्चीलाल ने बताया कि वह 15 साल से रामघाट मार्ग पर तिगोडी माता मंदिर के पास एक कुटिया बनाकर रहता है। वहीं मंदिर में पूजा पाठ कर जीवन यापन करता है। बुधवार की देर रात को वह कुटिया में सो रहा था इसी बीच दो अज्ञात युवक आए और एक ने मुंह पर हाथ रखकर चुप रहने को कहा। दूसरे ने उसके बाक्स व कुटिया में रखे लगभग दो हजार रूपये व कुछ अन्य सामग्री उठाई। इसका विरोध कर एक युवक को पकड लिया तो फिर दोनों ने मिलकर उसे पीटा। बाहर तक घसीटकर लाए और अधमरा स्थिति में सडक किनारे फेंककर भाग गए। गुरूवार की सुबह आसपास के लोगों और राहगीरों ने पुजारी को देख पुलिस सूचना दी। सीतापुर चैकी प्रभारी यदुवीर सिंह ने बताया कि पुजारी के साथ मारपीट तो हुई है। उसका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

