चित्रकूट 26 फरवरी (आरएनएस)। जिला मजिस्ट्रेट पुलकित गर्ग ने बताया कि इस वर्ष हिन्दू पंचाग के अनुसार होलिका दहन 2 मार्च और होलिकोत्सव का पर्व 3 मार्च को है। होली के त्योहार पर होलिका दहन, के उपरान्त अगले दिन होलिकोत्सव के अवसर पर आपस में रंग खेलने, होली के गीतों के साथ जुलूस निकालने व होली मिलन जैसे समारोह कार्यक्रम आयोजित्त किये जाते हैं। कहीं-कहीं होलिकोत्सव का पर्व होलिका दहन के दूसरे एवं तीसरे दिन भी होता है। पवित्र रमजान माह प्रारम्भ है। रमजान माह में प्रत्येक शुक्रवार की नमाज होती है। ईद उल फितर का त्योहार 21 मार्च को पडेगा। त्योहारो के अवसर पर कभी-कभी अवसरवादी, अराजकतत्व, साम्प्रदायिक सौहार्द, बिगाडऩे का प्रयास कर सकते हैं। शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखते हुए सकुशल पर्व सम्पन्न कराये जाने को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटो के रूप में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उप जिला मजिस्ट्रेट अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ क्षेत्रान्तर्गत भ्रमणशील रहकर क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों से समन्वय कर होलिका दहन, होलिकोत्सव पर्व एवं रमजान, ईद उल फितर त्योहार को शांतिपूर्ण सकुशल सम्पन्न करायेगें। पुलिस अधीक्षक शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने एवं पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करेगें। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका, नगर पंचायत में अधिशाषी अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी समुचित साफ सफाई सुनिश्चित करायेगें तथा अवारा पशु, सुअर आदि के विचरण को टीम की तैनाती कर नियंत्रित करेंगें। संबंधित विभाग बिजली, पानी, चिकित्सालय की व्यवस्था सुदृढ़ रखेंगें। खाद्य विभाग, आबकारी विभाग मिलावटखोरों, अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

