प्रयागराज 3 मार्च (आरएनएस )। फूलपुर थाना क्षेत्र के बीर काजी निवासी 26 वर्षीय शिवाकांत मिश्रा ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना इफको पुलिस चौकी के सामने उनके घर में हुई।
शिवाकांत की मां आरती देवी ने बताया कि सुबह चाय बनाने के बाद जब वह बेटे के कमरे में आईं, तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो शिवाकांत को फांसी पर लटका पाया गया। बेटे को इस अवस्था में देखकर मां आरती देवी बेहोश हो गईं।
तत्काल पड़ोसियों ने शिवाकांत को फंदे से उतारा और पास के फूलपुर अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना की इफको पुलिस चौकी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि शिवाकांत एमएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और इफको कॉलोनी में बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। वह अपनी पांच बहनों में इकलौता भाई था, जिनकी शादी हो चुकी है। उसके पिता अरविंद कुमार मिश्रा दिल्ली में रहते हैं।

