सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 मार्च 2026(आरएनएस) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंडी प्रांगण सारंगढ़ में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन और मड़ई मेले का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और उपस्थित महिला अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस मौके पर महिलाओं के लिए कई रोचक प्रतियोगिताओं और खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें कुर्सी दौड़, फुगड़ी, क्विज प्रतियोगिता, बैलून गेम, जलेबी दौड़, गेस द मूवी, खो-खो, कबड्डी, दौड़, गोला फेंक और रस्साकशी जैसे खेल शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों तथा महिला स्व सहायता समूहों द्वारा अलग-अलग स्टॉल भी लगाए गए। यहां महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराई और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। जय मां समलाई महिला समूह ने झाड़ू सहित अन्य घरेलू उत्पादों का स्टॉल लगाया, जबकि अन्नपूर्णा स्व सहायता समूह रिसोरा द्वारा बड़ी-बिजौरी के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में चित्रकला प्रदर्शनी के साथ कोसीर परियोजना के कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी भरे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना के तहत चार पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उपासी बरेठ को फैंसी दुकान शुरू करने के लिए 80 हजार रुपये, लक्ष्मी पटेल को किराना दुकान के लिए 80 हजार रुपये, शशिका सिदार को कृषि कार्य के लिए 80 हजार रुपये और संजूक्ता प्राणिग्राही को डेयरी व्यवसाय के लिए 2 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया।

कार्यक्रम में पंचायत, पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली चार महिला अधिकारी-कर्मचारियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले के दो महिला स्व सहायता समूहों को भी उनके बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। छिंद की दिशा आदर्श महिला स्व सहायता समूह को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत “सारबिला – द विलेज बेकरी” के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम योगदान देने पर सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम बैगिनडीह की शिल्पकार हीराबाई झरेका को हस्तशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए वर्ष 2026 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार मिलने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
महिला दिवस के अवसर पर महतारी वंदन योजना से सशक्त हुई जिले की 13 महिलाओं को भी मंच से सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता का उपयोग अपने परिवार के भरण-पोषण और अन्य जरूरी कार्यों में कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने “बचपन बचाओ – बाल विवाह रोकथाम” विषय पर तैयार जागरूकता पोस्टर का भी विमोचन किया।

इस अवसर पर सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, सत्ताधारी दल की जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सारंगढ़ अध्यक्ष ममता सिंह ठाकुर और नगर पालिका अध्यक्ष सोनी बंजारे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

