मेरठ 9 मार्च (आरएनएस )। रमजान के मुकद्दस महीने में मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतारे जाने के विरोध में सोमवार को उलेमाओं के साथ मुस्लिम समाज के कई गणमान्य लोग एसएसपी से मिले। उलेमाओं की बात को सुनकर एसएसपी ने मुस्लिम समाज के नागरिकों और उलेमाओं को एसपी सिटी के साथ बैठक कर समस्या का हल निकालने के निर्देश दिए हैं।
बताते चलें कि रविवार को मवाना कस्बे के रहने वाले एक व्यक्ति ने कस्बे की बड़ी मस्जिद में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाने की शिकायत की थी। एसएसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मस्जिद से लाउडस्पीकर उतरवा दिया था। इसके विरोध में सोमवार को मुस्लिम समाज के नागरिक उलेमाओं को साथ लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे।
उलेमाओं ने मस्जिद से लाउडस्पीकर उतारे जाने का विरोध करते हुए बताया कि रमजान के महीने में सहरी के समय मस्जिद से अजान और सायरन बजाया जाता है। जिससे सभी को रोजे के सही समय की जानकारी मिल सके। यदि लाउडस्पीकर उतारे जाएंगे तो रमजान में काफी परेशानी होगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कोर्ट ने भी एक निश्चित डेसिबल तक साउंड बजाने की अनुमति दी है।
मगर इसके बावजूद कई मस्जिदों में नियमों का उल्लंघन कर काफी-काफी देर तक तेज आवाज में अलार्म बजाए जाते हैं। जिसके चलते क्षेत्रीय जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुस्लिम समाज के नागरिकों और उलेमाओं को एसपी सिटी के साथ बैठक कर कानून के दायरे में रहते हुए इस समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

