मेरठ 9 मार्च (आरएनएस )। मुख्यमंत्री के रोक के सख्त आदेश के बावजूद जिले में जानलेवा मांझे की बिक्री नहीं रुक पा रही है। हापुड़ अड्डे के पास बड़ा हादसा हो गया। स्कूटी से पानी की बोतलों की पेटी लेकर कैंटीन जा रहे बुजुर्ग की जानलेवा मांझे से नाक जख्मी हो गई। बुजुर्ग को उपचार के लिए युग हास्पिटल में भर्ती कराया है।
नौचंदी के शास्त्रीनगर निवासी 60 वर्षीय सत्यप्रकाश हापुड़ रोड पर भूरेशाह मस्जिद के पास चाय की कैंटीन चलाते हैं। रविवार शाम वह स्कूटी से हापुड़ अड्डे से पानी की बोतलों की पेटी लेकर कैंटीन जा रहे थे। पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो अचानक हवा में लहराता जानलेवा मांझा उनकी नाक को रगड़ता चला गया।
धारदार मांझे से उनकी नाक बुरी तरह जख्मी हो गई। किसी तरह उन्होंने स्कूटी रोकी और खून बहता देख नाक पकड़कर बैठ गए। वहां मौजूद लोगों ने खून से लथपथ सत्यप्रकाश को गढ़ रोड स्थित युग हास्पिटल में भर्ती कराया। लोगों का कहना था कि मांझा इतना खतरनाक था कि अगर गर्दन पर फंस जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि थाना नौचंदी पुलिस घटना की जांच कर रही है। मांझा कौन प्रयोग कर रहा था, इसका पता लगाया जा रहा है। घायल के स्वजन की तहरीर पर उसके खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अभी तहरीर नही आई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

