मेरठ 9 मार्च (आरएनएस ): मेरठ के जागृति विहार रिंग रोड एक्सटेंशन इलाके की एक कॉलोनी के अंदर अजगर के घुसने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में अजगर कॉलोनी के बीच सड़क पर रेंगता दिखाई दे रहा है। इस दौरान इलाके के लोगों में डर का माहौल है। कॉलोनी के कई लोगों ने घरों से बाहर निकलना भी बंद कर दिया और बच्चों को घरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी गई।
छात्र नेता को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों ने छात्र नेता विनीत चपराना को पूरी बात बताई। इसके बाद उन्होंने वन विभाग से तुरंत रेस्क्यू टीम भेजने की मांग उठाई। विनीत चपराना का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में इस इलाके से दर्जनों अजगर पकड़े जा चुके हैं। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है, खासकर बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा डरे हुए हैं।
प्रशासन से की ये मांग
छात्र नेता और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में तुरंत वन विभाग की रेस्क्यू टीम भेजी जाए। आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जाए। अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। स्थानीय लोगों के अनुसार रिंग रोड एक्सटेंशन और आसपास के इलाकों में पहले भी कई बार अजगर मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में लोग अब प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

