सुलतानपुर 9 मार्च (आरएनएस )। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को अखण्डनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेहरा भारी में महिला जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। अखण्डनगर थाने की महिला मिशन शक्ति टीम ने गांव की महिलाओं को एकत्रित कर शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
चौपाल के दौरान इंस्पेक्टर क्राइम राघवेंद्र यादव और सब इंस्पेक्टर श्री कृष्णा शुक्ला ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज की शक्ति भी है। ऐसे में उन्हें अपने अधिकारों, कानूनों और सुरक्षा से जुड़े साधनों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीडऩ या आपात स्थिति में महिलाएं बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करें। इस अवसर पर महिलाओं को शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वुमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 181 (महिला हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें इन नंबरों को अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया। महिला आरक्षी लक्ष्मी ने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। चौपाल के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा, जागरूकता और आत्मविश्वास का संदेश प्रसारित हुआ, जिससे मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य को नई मजबूती मिली।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

