महिलाओं की मंगल गीत से पूरा क्षेत्र हुआ गुंजायमान
बल्दीराय/सुलतानपुर 9 मार्च (आरएनएस )। तहसील बल्दीराय क्षेत्र के सुख बड़ेरी के पूरे पंचम शुक्ल गांव स्थित काली माता के स्थान पर श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से पूर्व रविवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बन गया।
पीले वस्त्र धारण किए महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। श्रद्धालुओं की सहभागिता से निकली यह शोभायात्रा पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र बनी रही और जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा भाव से स्वागत किया। कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर, काली माता मंदिर, दुर्गा माता स्थान और सुखदेव बाबा मंदिर तक पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर दिनेश शुक्ला, राजकरन शुक्ला, सुधाकर, प्रहलाद सिंह, अभिनव वैभव, अंतिम, विवेक शुक्ला, नंदू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

