लखनऊ 9 मार्च (आरएनएस )। आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने राज्य सरकार से मांग की है कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद-उल-फितर के बाद शुरू कराया जाए, ताकि शिक्षक अपने धार्मिक पर्व को सम्मानपूर्वक मना सकें। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी धर्मों और समुदायों की भावनाओं का समान रूप से सम्मान करना चाहिए और ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए जिससे किसी भी वर्ग को अपने त्योहार मनाने में कठिनाई हो।महेंद्र सिंह ने कहा कि जिस प्रकार हिंदू समाज के लिए होली और दीपावली अत्यंत महत्वपूर्ण और बड़े पर्व होते हैं, उसी प्रकार मुस्लिम समाज के लिए ईद भी बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे में सरकार का दायित्व बनता है कि वह संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले और शिक्षकों की धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से शुरू कराने की तैयारी की जा रही है, जबकि इसी अवधि में 20 मार्च को अलविदा जुमे की नमाज और 21 मार्च को ईद-उल-फितर का महत्वपूर्ण पर्व पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि मूल्यांकन कार्य के दौरान प्राय: सार्वजनिक अवकाश भी निरस्त कर दिए जाते हैं और कई बार रविवार को भी शिक्षकों से कॉपियों की जांच कराई जाती है। ऐसी स्थिति में हजारों शिक्षक, विशेषकर मुस्लिम शिक्षक, अपने सबसे बड़े धार्मिक पर्व को परिवार और समाज के साथ पूरी तरह से नहीं मना सकेंगे। यह न केवल शिक्षकों की भावनाओं की अनदेखी होगी बल्कि सामाजिक समरसता की दृष्टि से भी उचित नहीं माना जा सकता।महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सामाजिक तथा धार्मिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। यदि शिक्षक मानसिक रूप से संतुष्ट और सम्मानित महसूस करेंगे, तो वे अपने कार्य को और अधिक जिम्मेदारी के साथ निभा सकेंगे। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि व्यावहारिक और संवेदनशील निर्णय लेते हुए यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद के बाद शुरू कराया जाए, ताकि सभी शिक्षक अपने पर्व को हर्षोल्लास के साथ मना सकें और उसके बाद मूल्यांकन कार्य भी पूरी एकाग्रता और बेहतर ढंग से संपन्न हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

