लखनऊ 9 मार्च (आरएनएस )। जानकीपुरम थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जांच के बाद दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस के मुताबिक 9 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग से संबंधित एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जानकीपुरम थाना पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में फायरिंग करते दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान नीरज कुमार रावत और पंकज कुमार के रूप में हुई, जो ग्राम तिवारीपुर, थाना जानकीपुरम के निवासी हैं।इसके बाद उपनिरीक्षक नीलेन्द्र प्रताप पुलिस टीम के साथ ग्राम तिवारीपुर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति वही हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक और रिवाल्वर उनके दादा शत्रोहन के नाम से लाइसेंसी हैं। उनका कहना था कि यह वीडियो लगभग दो वर्ष पुराना है और उस समय हथियारों की सफाई के बाद उन्हें जांचने के लिए हवाई फायर किया गया था।पुलिस ने संज्ञेय अपराध की संभावना और लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार नीरज कुमार रावत और पंकज कुमार के खिलाफ पहले भी थाना जानकीपुरम में वर्ष 2021 में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। दोनों के आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थानों और जनपदों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीलेन्द्र प्रताप, उपनिरीक्षक अनुभव, मुख्य आरक्षी धर्मचन्द्र चौहान और आरक्षी शिवम कुमार शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

