सुल्तानपुर 12 मार्च (आरएनएस )। पीएम श्री केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर की छात्राओं को शैक्षिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट पर आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या ले जाया गया। जिला समन्वयक अखिलेश कुमार पांडे समग्र शिक्षा सुल्तानपुर एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या पल्लवी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर अध्ययन यात्रा को रवाना किया। अध्ययन यात्रा प्रभारी डॉ दीपा द्विवेदी, सह यात्रा प्रभारी अंजना सिंह, डॉ बबिता जैन, सीमा यादव, शालिनी सिंह, साधना त्रिपाठी, पुष्प लता, सुमन, खुशबू मौर्या, विमला शर्मा, अलका सिंह, लाल चन्द्र यादव एवं रुक्मिणी छात्राओं के साथ उनकी देखरेख में गईं। इस अवसर पर छात्राओं ने विश्वविद्यालय के विभिन्न कृषि अनुसंधान केंद्रों, प्रयोगशालाओं तथा फसलों के प्रायोगिक खेतों का अवलोकन किया। विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने छात्राओं को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, फल-सब्जी उत्पादन तथा कृषि से जुड़े नए नवाचारों के बारे में जानकारी दी। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कृषि यंत्रों, पशुपालन, बागवानी एवं वैज्ञानिक पद्धतियों से की जा रही खेती को नजदीक से देखा और उनसे संबंधित कई जिज्ञासा का समाधान भी प्राप्त किया। इस शैक्षिक भ्रमण से छात्राओं को कृषि विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई जानकारी और प्रेरणा मिली।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि होती है तथा उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में करियर चुनने के लिए प्रेरणा मिलती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

