जौनपुर 12 मार्च (आरएनएस )। सुरेरी थाना क्षेत्र के मलेथू गांव में बुधवार की रात दबंगों द्वारा घर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि घटना के एक दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।मलेथू गांव निवासी माया देवी पत्नी प्रभात यादव ने गुरुवार की सुबह सुरेरी थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि रात लगभग नौ बजे उनके पति प्रभात यादव घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के ही माया शंकर गिरी, बगड़ गिरी, जलील अंसारी, खेसारी, त्रिलोकी यादव, किशन गिरी तथा कुछ अज्ञात लोग लाठी-डंडा और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और प्रभात यादव पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने प्रभात यादव को घेरकर जमकर मारपीट की। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान प्रभात यादव को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि आरोपित तब तक पिटाई करते रहे जब तक प्रभात यादव अचेत नहीं हो गए। हमलावर उन्हें मृत समझकर परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखी कुर्सियों सहित अन्य घरेलू सामान को तोडफ़ोड़ कर फरार हो गए। घटना की सूचना परिजनों ने 112 नंबर पुलिस और एंबुलेंस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, वहीं घायल प्रभात यादव को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पीडि़त परिजनों का आरोप है कि घटना के एक दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। प्रभारी निरीक्षक सुरेरी राजेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

