पत्थर से हमला कर पेट फाड़ दिया, मौत के बाद लकड़ी के ढेर में लाश छिपाई
प्रयागराज 12 मार्च (आरएनएस)। सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में मां ने अपने 5 माह के बच्चे की हत्या कर दी। पत्थर से वार करके उसका पेट फाड़ डाला। हत्या के बाद लाश को लकड़ी के ढेर में छिपा दिया। परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की तो बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस के अनुसार पति से झगड़े के बाद गुस्से में उसने मैंने ऐसा किया। एक ही वार में उसका पेट फट गया और उसकी जान चली गई। इसके बाद बहुत डर गई, इसीलिए शव को लकड़ी के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव निवासी संतोष यादव खेती-बाड़ी करते हैं। उनकी शादी मनोरमा यादव से हुई। पांच महीने पहले मनोरमा ने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसका नाम ईश्वर रखा गया। आस-पड़ोस में रहने वालों ने बताया कि पति-पत्नी में आए दिन खाना बनाने और अन्य बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। पिछले तीन चार दिनों से लगातार दोनों में झगड़ा चल रहा था।
संतोष के नाना हरी लाल यादव ने बताया कि 11 मार्च को पत्नी से एक बार फिर झगड़ा हुआ। इसके बाद संतोष काम पर चला गया। घर में मनोरमा और उसका बेटा था। शाम को बेटा कहीं दिखाई नहीं दिया। उसके रोने की आवाज भी नहीं सुनाई दी। पूछने पर मनोरमा ने कुछ नहीं बताया। उसने कहा कि वह कुछ नहीं जानती। बच्चे के नहीं मिलने पर परिवार वाले परेशान हो गए। उन्होंने संतोष को फोन कर जानकारी दी।
संतोष ने कुछ देर में लौटने की बात कही। उधर, मनोरमा चुप्पी साधे रही। रात 10 बजे के करीब परिवार वाले तलाश करते हुए टिन शेड वाले उस कमरे में पहुंचे, जहां खाना बनता था। यहां लकड़ी के ढेर के नीचे बच्चे का क्षत-विक्षत शव पड़ा देख परिजन चीखने लगे। जानकारी पर संतोष भी आ गया।
इसके बाद मनोरमा से परिवार वालों ने सख्ती से पूछताछ की। इस पर उसने बताया कि मैंने ही शाम 6 बजे के करीब गुस्से में पत्थर मारकर बेटे को मार डाला। पति से झगड़े के बाद मेरा खून खौल उठा था और इसके बाद ही मैंने यह कदम उठाया। कहा कि मैं बच्चे को मारना नहीं चाहती थी, लेकिन गुस्से में किए गए एक वार से ही उसका पेट फट गया। कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद मैं डर गई और लाश को लकड़ी के ढेर में छिपा दिया।
सरायममरेज थानाध्यक्ष अतुल मिश्रा ने बताया- महिला को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बच्चे के बाबा ने तहरीर दी है। इसके आधार पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में महिला ने यह बताया है कि पति आए दिन उससे झगड़ा करता था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

