लखनऊ 12 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में ज्योतिर्मठ बद्रिकाश्रम के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने पूज्य शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले साधु-संतों का आशीर्वाद मिल जाए तो उससे बेहतर कोई बात नहीं होती।मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य का आशीर्वाद मिलने से नकली संतों का अंत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर अच्छा करने की इच्छा होती है और उसके भीतर पाप-पुण्य तथा अच्छे-बुरे के बीच संघर्ष चलता रहता है। ऐसे समय में हम सबके भीतर सुदर्शन चक्र जैसी शक्ति होनी चाहिए, जिससे समाज में फैले पाप और बुराइयों को मिलकर समाप्त किया जा सके।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान गाय की सेवा और संरक्षण के लिए कई फैसले लिए गए थे। उन्होंने कहा कि कन्नौज में उत्तर प्रदेश का पहला काऊ मिल्क प्लांट स्थापित कराया गया था, जहां देशी गाय के दूध से उत्पाद तैयार किए जाते थे। इससे गायों की सेवा के साथ-साथ लोगों की आर्थिक समृद्धि भी बढ़ती।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने कन्नौज के इस आधुनिक काऊ मिल्क प्लांट को बंद कर दिया, जबकि वहां ट्रेटा पैकिंग में दूध और अन्य उत्पाद उपलब्ध कराए जाते थे।प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले कुछ समय से ऐसा लग रहा है कि उत्तर प्रदेश में सरकार ही नहीं है और लगातार घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया पर भी दबाव बनाया जा रहा है कि सच्ची घटनाएं सामने न आएं।रसोई गैस संकट को लेकर उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। अखिलेश यादव ने कहा कि गलत नीतियों के कारण लोगों को फिर से लकड़ी और चूल्हे पर खाना बनाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। उनके अनुसार एलपीजी की कमी की पूरी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की है, जो अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

