लखनऊ 12 मार्च (आरएनएस )। प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम. के. शनुगा सुन्दरम् ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल में विभिन्न निर्माण कंपनियों में कार्यरत हैं। इन श्रमिकों का चयन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) तथा इजराइल की सरकारी संस्था जनसंख्या एवं आव्रजन प्राधिकरण (पीबा) के माध्यम से किया गया था और उन्हें वर्ष 2024 के दौरान इजराइल भेजा गया था।उन्होंने बताया कि ये श्रमिक इजराइल की विभिन्न निर्माण कंपनियों और परियोजनाओं में कार्यरत हैं तथा नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा इनके कुशलक्षेम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।मध्य एशिया क्षेत्र में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास द्वारा 28 फरवरी 2026 को इजराइल में निवास कर रहे सभी भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है। दूतावास द्वारा भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक दूतावास के हेल्पलाइन नंबर एवं ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए भारतीय दूतावास द्वारा 24 घंटे सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं दूरभाष: +972-54-7520711, +972-54-2428378प्रमुख सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन इजराइल स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में है। इजराइल में भारत के राजदूत जे.पी. सिंह द्वारा भी राज्य सरकार को अवगत कराया गया है कि वर्तमान स्थिति नियंत्रण में है। दूतावास श्रमिकों के संपर्क में है और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।उन्होंने बताया कि सभी श्रमिक पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी श्रमिक द्वारा भारत लौटने को लेकर कोई चिंता व्यक्त नहीं की गई है। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया है कि यदि किसी श्रमिक द्वारा वापस लौटने की इच्छा जताई जाती है तो भारतीय दूतावास द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

