लखनऊ, 12 मार्च (आरएनएस )। प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के मद्देनजर पर्याप्त बस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के लखनऊ आने को देखते हुए निगम द्वारा अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिल सके।प्रबंध निदेशक ने बसों और बस अड्डों पर साफ-सफाई तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 88 हजार परीक्षार्थी प्रदेश के 17 जनपदों से दो दिनों—14 और 15 मार्च 2026—को लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने आएंगे। ऐसे में प्रमुख बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और परीक्षा केंद्रों से जुड़े मुख्य मार्गों पर पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंबेडकर नगर से 11,198, औरैया से 5,120, अयोध्या से 8,122, बाराबंकी से 2,797, इटावा से 7,030, हरदोई से 1,032, जौनपुर से 7,450, कानपुर देहात से 7,677, कानपुर नगर से 9,592, खीरी से 981, प्रतापगढ़ से 8,306, प्रयागराज से 233, रायबरेली से 1,395, सीतापुर से 905, सुल्तानपुर से 6,950, उन्नाव से 1,229 और वाराणसी से 8,303 परीक्षार्थी लखनऊ परीक्षा देने के लिए आएंगे।उन्होंने कहा कि आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त बसों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थान पर अभ्यर्थियों को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े।प्रबंध निदेशक ने प्रमुख बस अड्डों पर विशेष निगरानी व्यवस्था के साथ नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं, जिससे बसों के संचालन की लगातार निगरानी की जा सके। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की पूर्व योजना बनाएं और बस अड्डों से संचालित नियमित व अतिरिक्त बस सेवाओं का उपयोग करते हुए समय से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचें।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अभ्यर्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और परीक्षा के दौरान निर्बाध बस संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

