जौनपुर 17 मार्च (आरएनएस)।अधिवक्ता संघ केराकत की ओर से एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने की, जबकि संचालन महामंत्री धीरेंद्र यादव ने किया। बैठक में दिवाकर सोनकर प्रकरण को लेकर अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट प्रगति रिपोर्ट न मिलने पर अधिवक्ताओं ने चिंता व्यक्त की।बैठक में अधिवक्ताओं ने बताया कि इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तीन दिन का समय लेकर जांच और कार्रवाई के संबंध में जानकारी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी केराकत की ओर से अधिवक्ता संघ को किसी प्रकार की प्रगति रिपोर्ट नहीं दी गई। इसको लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि दिवाकर सोनकर प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर अनुचित कार्रवाई करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता संघ का प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी केराकत से मिलकर इस संबंध में वार्ता करेगा और मामले की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी प्राप्त करेगा।साथ ही यह भी तय किया गया कि अधिकारियों से वार्ता के बाद जो भी स्थिति सामने आएगी, उसे पुन: अधिवक्ता संघ की बैठक में रखा जाएगा और आगे की रणनीति उसी के आधार पर तय की जाएगी। बैठक में यह भी मांग की गई कि उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी केराकत द्वारा हुई वार्ता और कार्रवाई की जानकारी अधिवक्ता संघ को अवगत कराई जाए, ताकि प्रकरण में पारदर्शिता बनी रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

