लखनऊ/मैनपुरी 17 मार्च (आरएनएस )उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में 19 मार्च 2026 को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर हिंदू नववर्ष के स्वागत में भव्य और गौरवमयी शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को विशेष और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल की जाएंगी। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग और नववर्ष महोत्सव समिति, श्री एकरसानन्द आश्रम के सहयोग से किया जा रहा है।
शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार और सांस्कृतिक दल भाग लेंगे। महाराष्ट्र की प्रसिद्ध ढोल-ताशा टीम अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाएगी, वहीं असम की संस्कृति डांस एकेडमी द्वारा बिहू लोकनृत्य की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके अलावा केरल की प्रसिद्ध कथकली नृत्य झांकी भी मुख्य आकर्षण होगी।कार्यक्रम में ब्रज की पारंपरिक होली झांकी दर्शकों को वहां की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएगी। गोरखपुर की वनटांगिया नृत्य झांकी, वाराणसी का मनमौजी अघोरी आर्ट ग्रुप एंड इवेंट, ओडिशा की मां पूर्णमासी घंटा पार्टी और मध्य प्रदेश के उज्जैन से श्री भरम रमैया भक्त मंडल की झांकियां भी शामिल होंगी।शोभायात्रा नवीन गल्ला मंडी से प्रारंभ होकर श्री एकरसानन्द आश्रम तक पहुंचेगी। समापन कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर का कैलाशा बैंड अपनी विशेष प्रस्तुति देगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हिंदू नववर्ष हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस प्रकार की शोभायात्राएं केवल उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होती हैं। उन्होंने कहा कि मैनपुरी का यह आयोजन लोगों को भारत की विविध और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगा तथा नई पीढ़ी में अपनी परंपराओं के प्रति गर्व की भावना को मजबूत करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

