कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक, निर्बाध आपूर्ति व चोरी पर सख्ती के निर्देश
विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति ने बैठक कर अधिकारियों दिए निर्देश
बाराबंकी 19 मार्च (आरएनएस)। विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के प्रस्तावित अध्ययन भ्रमण के दौरान गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, लाइन लॉस, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और विद्युत चोरी जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं सदस्य विधान परिषद अंगद कुमार सिंह ने की। इस दौरान समिति के सदस्य अनूप गुप्ता, सदस्य पवन सिंह चौहान, सदस्य मानवेंद्र सिंह, सदस्य उमेश द्विवेदी, सदस्य ई0 अवनीश सिंह पटेल, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत राजबाला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक में पूर्व निर्धारित 31 बिंदुओं पर समीक्षा की गई। अधिकारियों व अभियंताओं से बिंदुवार आख्या ली गई। समिति ने जिले में वास्तविक विद्युत आपूर्ति की स्थिति, फीडरवार आंकड़ों और आगामी अप्रैल, मई व जून माह में बिजली आपूर्ति की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ट्रांसफार्मरों की स्थिति, मीटरयुक्त फीडरों की संख्या, लाइन लॉस, विद्युत चोरी व अनियमितताओं को रोकने के लिए विजिलेंस टीम की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिया कि बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित छापेमारी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में विद्यालयों के ऊपर जाने वाले हाई टेंशन तारों का शत प्रतिशत विस्थापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लंबित कनेक्शनों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देश दिए गए की जनता से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण रूप से किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने स्तर से नियमित अनुश्रवण कर विद्युत संबंधी समस्त व्यवस्थाओं को समुचित रूप से सुनिश्चित कराएं। समिति ने विद्युत अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जुर्माना और दंडात्मक प्रावधान लागू करने पर जोर दिया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा समिति के सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्त की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

