रुड़की,23 मार्च (आरएनएस)। कस्बे के वार्ड नंबर 11 में नगर पालिका द्वारा बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने से कॉलोनी वासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। लोगों ने बताया कि लगभग एक माह पहले लक्सर कस्बे के वार्ड नंबर 11, केशव नगर में रायसी रोड मोहल्ले में सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया था। ठेकेदार ने सड़क के दोनों ओर दीवार बनाकर और बीच में मिट्टी डालने के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया। कॉलोनी निवासी यशपाल चौधरी, अंकित चौधरी व सतवीर ने बताया कि सड़क अधूरी होने के कारण बारिश के दौरान लोगों को काफी परेशानी हुई। सड़क पर पड़ी मिट्टी घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे रहना मुश्किल हो गया है। वहीं, जगत सिंह व संदीप चौधरी का कहना है कि सड़क अधूरी होने से आवागमन में दिक्कत हो रही है और कई बार बाइक फिसलकर गिर जाती है। उन्होंने जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। उधर, वार्ड नंबर 11 के सभासद प्रतिनिधि विकास खटाना ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा सीएम पोर्टल पर शिकायत की गई है। शिकायत के निस्तारण के बाद ही सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार से भी बात की गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

