तंबौर/सीतापुर 29 मार्च (आरएनएस)। नवरात्रि पर्व के दौरान मूर्ति विसर्जन यात्रा में ड्रोन से वीडियो बनाने के दौरान बाइक टकराने से विवाद हो गया, जो गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद मामला दर्ज न होने पर हिंदूवादी संगठनों ने विरोध जताया और थाने पर हंगामा भी किया। जानकारी के अनुसार कस्बे में देवी मंदिर प्रांगण से शनिवार दोपहर मूर्ति विसर्जन यात्रा निकाली जा रही थी। अस्पताल के पास सुमली निवासी कपिल वर्मा ड्रोन से वीडियो बना रहे थे, तभी कस्बा निवासी राज पुत्र शकील की बाइक उनसे टकरा गई। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवक ने मारपीट और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। पीडि़त की ओर से थाने में तहरीर दी गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई न होने से नाराज हिंदूवादी संगठन संबंधित युवक के पिता की दुकान पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद विसर्जन प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
विसर्जन के बाद भी आक्रोशित युवकों ने थाने के गेट पर प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी राज को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

