रुद्रपुर,07 अपै्रल (आरएनएस)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित 37वां दीक्षांत समारोह उपलब्धियों और उत्साह का शानदार संगम बन गया। गांधी हॉल में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) की मौजूदगी में 1395 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासनिक भवन से निकली गरिमामयी शोभायात्रा के साथ हुई, जो दीक्षांत सभागार तक पहुंची। इसके बाद राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और विश्वविद्यालय गान के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। मंच पर कृषि मंत्री गणेश जोशी और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों की प्रतिभा का खास सम्मान किया गया। एक छात्र को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से नवाजा गया, जबकि कुलपति की ओर से 13 स्वर्ण, 12 रजत और 10 कांस्य पदक विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दिए गए। इसके अलावा समारोह में कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिनमें पूरण आनंद अदलखा अवॉर्ड, सरस्वती पांडा अवॉर्ड, नागम्मा शान्ताबाई अवॉर्ड, डॉ. राम शिरोमणि तिवारी अवॉर्ड, चौधरी चरण सिंह मेमोरियल इंटेलेक्चुअल अवॉर्ड (दो विद्यार्थियों को), भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत अवॉर्ड (दो विद्यार्थियों को) और डॉ. एएन मुखोपाध्याय गोल्ड मेडल शामिल रहे। उपाधि वितरण के बाद राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह के अंत में कुलाधिपति द्वारा औपचारिक रूप से दीक्षांत समारोह के समापन की घोषणा की गई। पंतनगर विश्वविद्यालय का यह ऐतिहासिक दिन विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बन गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

