रुद्रपुर,07 अपै्रल (आरएनएस)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के 37वें दीक्षांत समारोह में सांसद अजय भट्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, इसका उद्देश्य देश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी आज के युवाओं के कंधों पर है। सांसद भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय के गुरुजन और फैकल्टी विद्यार्थियों को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों को जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सत्य के मार्ग पर चलने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जो ज्ञान यहां प्राप्त किया है, उसे देशहित में उपयोग करना ही सच्ची सफलता है। उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि डिग्री प्राप्त करने का दिन हर विद्यार्थी के लिए विशेष होता है, लेकिन इसके बाद जिम्मेदारियों का एक नया दौर शुरू होता है। कहा कि भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कृषि, तकनीक, उद्योग और रक्षा क्षेत्र में देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में गांवों का विकास और संसाधनों का सही प्रबंधन बेहद जरूरी होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भाग्य के साथ कर्म भी जरूरी है। बिना प्रयास के सफलता संभव नहीं है। कार्यक्रम के अंत में सांसद ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के आयोजन की सराहना की और सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

