लखनऊ 13 अप्रैल (आरएनएस )। थाना बिजनौर क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि हड़पने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03 सितंबर 2025 को वादी ज्ञानेन्द्र कुमार पुत्र राम शंकर अग्निहोत्री, निवासी मकान संख्या-70, कोऑपरेटिव सोसायटी, प्रीति विहार कॉलोनी, बिजनौर, लखनऊ द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। इसमें नामित अभियुक्त रावेन्द्र सिंह उर्फ नितिन सिंह, निवासी ग्राम बीबीपुर, पोस्ट फूलपुर, जनपद प्रयागराज पर उच्च न्यायालय में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में थाना बिजनौर में धारा 406 और 420 भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर धारा 406 भादवि को हटाते हुए धारा 467, 468 और 471 भादवि की बढ़ोत्तरी की गई। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए उच्च अधिकारियों से अन्य जनपद में जाने की अनुमति प्राप्त कर पुलिस टीम ने प्रयागराज जनपद के गद्दोपुर, शान्तिपुरम, थाना फाफामऊ क्षेत्र में दबिश दी। जहां दिनांक 12 अप्रैल 2026 को सायं लगभग 5:30 बजे अभियुक्त रावेन्द्र सिंह उर्फ नितिन सिंह को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई। इसके बाद दिनांक 13 अप्रैल 2026 को उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पूछताछ में ज्ञात हुआ कि अभियुक्त द्वारा वादी को उच्च न्यायालय प्रयागराज में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था तथा कूटरचित नियुक्ति पत्र देकर उससे धनराशि हड़प ली गई थी।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2017 में थाना विवेक विहार, शाहदरा, दिल्ली में विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गजय सिंह, उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह तथा कांस्टेबल नीरजेश यादव, थाना बिजनौर, लखनऊ शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

