लखनऊ 13 अप्रैल (आरएनएस )। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना मोहनलालगंज पुलिस ने लूट के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित आनन्द के पर्यवेक्षण में, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार एवं सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 अप्रैल 2026 को वादी हेमन्त सोनी पुत्र राजेन्द्र कुमार सोनी निवासी तेलीबाग, थाना पीजीआई, लखनऊ द्वारा थाना मोहनलालगंज में सूचना दी गई थी कि दिनांक 06 अप्रैल 2026 को होटल एंट्रास में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम (मुंडन संस्कार) में शामिल होने के बाद लौटते समय रात्रि लगभग 10:30 बजे वाहन पीछे करने को लेकर विपक्षी पक्ष से विवाद हो गया।आरोप है कि आरोपी पक्ष ने वादी एवं उसके भाई शंकर सोनी की गाड़ी को एक कार से रोककर दोनों को जबरन बाहर खींच लिया और डंडों से मारपीट की। इसके बाद वादी का लाइसेंसी रिवाल्वर, मोबाइल फोन तथा गले में पहनी सोने की चेन छीन ली गई। इस संबंध में थाना मोहनलालगंज पर मुकदमा संख्या 132/26 धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वादी और आरोपी पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दिनांक 06 अप्रैल 2026 को होटल एंट्रास में आयोजित एक मुंडन कार्यक्रम में दोनों पक्ष आमंत्रित थे। प्रारंभिक विवाद के बाद आरोपी पक्ष अपने गांव चला गया, लेकिन बाद में योजनाबद्ध तरीके से लौटकर वादी पक्ष पर हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया।उक्त प्रकरण में नामित अन्य अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि अभियुक्त निखिल सिंह उर्फ प्रिन्स फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा दिनांक 13 अप्रैल 2026 को प्रात: लगभग 01:20 बजे किसान पथ के पास से अभियुक्त निखिल सिंह पुत्र मलखान सिंह, निवासी हरिकंशगढ़ी, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वर्ष 2019 में थाना मोहनलालगंज में धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामसागर गुप्ता, उपनिरीक्षक हर्षित गुप्ता तथा कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

