लखनऊ 13 अप्रैल (आरएनएस ),। उद्योग संवाद के तत्वावधान में होटल रेनेसा गोमती नगर में आयोजित लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम व्यापार शिखर सम्मेलन तथा उद्यम रत्न सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्धि में सबसे अधिक योगदान व्यापारी वर्ग का है और जब व्यापारी वर्ग समृद्ध होगा, तो प्रदेश स्वत: समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर वातावरण के कारण बड़े स्तर पर निवेश हुआ है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बस अड्डे पर एक जिला एक उत्पाद योजना के लिए अलग से स्टाल आवंटित किए जाएं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ सकें।विशिष्ट अतिथि नगर विकास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि आज विपणन के बदलते दौर में जो व्यापारी स्वयं को एक पहचान के रूप में स्थापित करेगा, उसे व्यापारी से उद्योगपति बनने से कोई नहीं रोक सकता।समारोह की अध्यक्षता करते हुए उद्योग संवाद के संस्थापक अमित गुप्ता ने कहा कि उद्यमी और व्यापारी समाज किसी भी क्षेत्र की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी केवल वस्तुओं का क्रय-विक्रय नहीं करते, बल्कि अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, रोजगार सृजित करते हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि देश के एक जिला एक उत्पाद से जुड़े उत्पादों को विश्व स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।इस अवसर पर राकेश राठौर और अमित गुप्ता ने इंद्र प्रकाश गुप्ता, छवि गोयल, आशीष गुप्ता, मोहम्मद सूफियान, जुलाइकमा बीवी, राजेश गुप्ता तथा जॉय चोपड़ा को उद्यम रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित किया।समारोह में सिद्धार्थनगर के विधायक विनय वर्मा सहित अनीता अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, विनोद प्रिंस केसरवानी, श्याम सुंदर केसरी, रवींद्र जायसवाल, आलोक आर्या, गोविंद टाटा, गजेंद्र तथा देश और प्रदेश के अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

