लखनऊ 13 अप्रैल (आरएनएस )। नगर निगम लखनऊ द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अंतर्गत जोन-8 के हिंद नगर वार्ड में कूड़ादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय नागरिकों को कूड़ादान वितरित किए गए तथा उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।महापौर सुषमा खर्कवाल ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप लखनऊ ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नागरिकों के सहयोग से आगामी सर्वेक्षण में लखनऊ प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।महापौर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वच्छता का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता। इस दौरान उन्होंने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई और सभी से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनूÓ, नामित पार्षद नेहा सिंह, जोन-8 के क्षेत्रीय अधिकारी विकास सिंह, स्वच्छता अधिकारी जितेंद्र गांधी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जागरूकता दल, स्वच्छता दल तथा क्षेत्रीय दल के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।जागरूकता दल द्वारा क्षेत्र के निवासियों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और स्वच्छ लखनऊ के संकल्प को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

