:-कलेक्ट्रेट से विद्यालयों तक बाबा साहब को समर्पित कार्यक्रमों की पूरी तैयारी
:-ग्राम पंचायतों में भी अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम, अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य।
गोण्डा 13 अप्रैल। बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को जनपद गोण्डा में विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय कर दी गई है। प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पूरे जिले में शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अंबेडकर जी के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रमों की शुरुआत प्रात: 10:30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उनके जीवन दर्शन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर गोष्ठी से होगी। इस दौरान जिलाधिकारी सहित सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। इसके बाद 11 बजे माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच अंबेडकर जी के जीवन पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों में भी 11:30 बजे शिक्षकों द्वारा कक्षा में अंबेडकर जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला जाएगा तथा भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। दोपहर 12 बजे टाउन हाल गोण्डा में अंबेडकर जी के जीवन और विचारों पर आधारित गोष्ठी एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा सभी तहसीलों में भी दोपहर 12 बजे समारोह और गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार की सहभागिता रहेगी। वहीं ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने के साथ संविधान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रम खंड विकास अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाएं। इन आयोजनों के माध्यम से बाबा साहब के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रमों में संबंधित ग्राम विकास अधिकारी एवं लेखपाल की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

