बॉलीवुड में एक और धमाकेदार स्टार किड डेब्यू की तैयारी पूरी हो चुकी है। अभिनेत्री रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी और मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी अब एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। वीर की सिनेमाघरों में आने वाली इस पहली फिल्म में राशा उनके साथ रोमांस करती दिखेंगी। फिल्म के लिए काफी समय से हीरोइन की तलाश चल रही थी, जो अब आखिरकार राशा पर आकर खत्म हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी को अपनी पहली थिएट्रिकल फिल्म के लिए लीड हीरोइन मिल गई है। जय शेवक्रमणि के अगले प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म में रवीना की बेटी राशा थडानी को उनके अपोजिट कास्ट किया गया है। इस फिल्म का नाम फिलहाल लगन लागी रे रखा गया है। कुल मिलाकर 2 बड़े फिल्मी घरानों के वारिसों को एक साथ देखना दर्शकों के लिए काफी रोमांचक होने वाला है।
ये फिल्म एक ताजा और युवाओं पर आधारित प्रेम कहानी बताई जा रही है, जिसका निर्देशन सोनाली रतन देशमुख करेंगी। सोनाली इससे पहले अपने पति कुणाल देशमुख के साथ जन्नत, तुम मिले और शिद्दत जैसी मशहूर रोमांटिक म्यूजिकल फिल्मों में बतौर सहायक निर्देशक काम कर चुकी हैं। निर्माता पर्दे पर एक बिल्कुल नई जोड़ी पेश करना चाहते थे और उनका मानना है कि वीर-राशा एक बेहद शानदार रोमांटिक जोड़ी साबित होंगे। इस फिल्म की शूटिंग जुलाई 2026 में शुरू होगी।
ये वीर हिरानी की बड़े पर्दे पर पहली फिल्म होगी। अभिनय की दुनिया में ये उनका दूसरा प्रोजेक्ट है। इससे पहले वो जियो हॉटस्टार की आने वाली सीरीज प्रीतम पेड्रो में नजर आएंगे, जो एक साइबर क्राइम थ्रिलर सीरीज है। इस सीरीज को उनके पिता ने बनाया है। इसमें उनके साथ अरशद वारसी और विक्रांत मैसी जैसे कलाकार हैं। लंदन की प्रतिष्ठित रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट से स्नातक वीर पहले ही थिएटर जगत में अपनी पहचान बना चुके हैं।
जहां तक राशा की बात है, उन्होंने पिछले साल अभिषेक कपूर की पीरियड ड्रामा फिल्म आजाद से अभिनय की शुरुआत की थी। हालांकि, उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। उधर राशा भी अपने अभिनय से दर्शकों को कुछ खास प्रभावित नहीं कर पाईं। वो बात अलग है कि इस फिल्म के पार्टी नंबर उई अम्मा… ने उन्हें सोशल मीडिया पर खूब मशहूर कर दिया था। राशा अभिनेता अभय वर्मा के साथ लइकी लइका भी लेकर आ रही हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

