जौनपुर 19 अप्रैल (आरएनएस )। शासन के निर्देश के क्रम में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत प्रस्तावित सोमनाथ (गुजरात) यात्रा के क्रम में जनपद से विभिन क्षेत्र विधाओं के व्यक्तियों को जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा हर्षोल्लास के साथ रवाना किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी तीर्थयात्रियों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर एवं मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाओं सहित यात्रा के लिए रवाना किया।ज्ञात हो कि इस यात्रा के अंतर्गत विभिन्न वर्गों महिलाओं, युवा, स्वयंसेवकों, किसानो, तकनीकी क्षेत्र के कर्मियों, वरिष्ठ नागरिकों, आध्यात्मिक संस्थाओं से जुड़े व्यक्तियों सहित अन्य सामाजिक समूहों से प्रतिनिधियों का चयन किया गया है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता एवं जनसामान्य के बीच आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ धाम भारत की आस्था, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है, और इस यात्रा के माध्यम से प्रतिभागियों को देश की समृद्ध परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों को निकट से जानने का अवसर प्राप्त होगा। जिलाधिकारी ने यात्रियों से कहा गया कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, जनपद का प्रतिनिधित्व गरिमा के साथ करें तथा लौटकर अपने अनुभवों को अन्य लोगों के साथ साझा करें, जिससे अधिकाधिक लोग इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से प्रेरित हो सकें। अपर जिलाधिकारी वि0ध्रा0 परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी भू राजस्व अजय अम्बष्ट, परियोजना निदेशक के के पाण्डेय, सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

