लखनऊ 20 अप्रैल (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपाई और उनके संगी-साथी साजिशों से बाज नहीं आ रहे हैं और अब नकली विरोध की शूटिंग कराए जाने जैसी गतिविधियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं और इससे राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल युवक-युवतियों को वह दोषी नहीं मानते हैं, क्योंकि वर्तमान समय में बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवा मजबूरी में छोटे-मोटे कार्य करने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले गरीबी और मजबूरी की स्थिति पैदा करती है, और फिर उन्हीं परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए कमजोर और जरूरतमंद लोगों को अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करती है।उन्होंने कहा कि बंद कमरों में गुप्त योजनाएं बनाने वाले लोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रहे हैं। उनके अनुसार इस प्रकार की गतिविधियां समाज और राजनीति में अविश्वास का वातावरण तैयार करती हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि छल, धोखे और कपट के सहारे राजनीति करने वाले लोग देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं और उनकी कथित ‘काली करतूतेंÓ इतिहास में दर्ज होंगी।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि जनता अब इस प्रकार की गतिविधियों को समझने लगी है और लोकतंत्र को कमजोर करने वाले प्रयासों का समय आने पर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण है तथा राजनीतिक दलों को जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

