दतिया।(आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशानुसार अनुभाग दतिया की गैस एजेंसियों के संचालकों की बैठक आगामी शादियों के सीजन को दृष्टिगत रखते हुए आज सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लोकेन्द्र सिंह सरल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान अनुभाग दतिया के 08 गैस एजेंसी संचालक उपस्थित हुए।
बैठक में सरल द्वारा सभी गैस एजेंसी संचालकों को साफ-साफ निर्देश दिये गये कि वह शादियों के आगामी सीजन में गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें एवं शादियों के सीजन में आवेदकों को आवश्यकता अनुसार एवं नियमानुसार कमर्शियल सिलेण्डर उपलब्ध करायें एवं संबंधित कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसरों से संपर्क करके गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त आपूर्ति गैस एजेंसियों को करायें। बैठक के दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पंकज करोरिया सहित गैस एजेंसी संचालक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

