अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। निर्देशक प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की ब्लॉकबस्टर जोड़ी ने 14 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है और दर्शकों ने इस हॉरर-कॉमेडी का दिल खोलकर स्वागत किया है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने अपने पहले वीकेंड (शुरुआती तीन दिनों) में शानदार प्रदर्शन किया है। रविवार (तीसरे दिन) को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखा गया। फिल्म के अब तक के आंकड़ों पर एक नजर।
फिल्म ने अपने पहले रविवार को बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में 23 करोड़ की कमाई की, जबिक शनिवार यानी दूसरे दिन इसने 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पहले दिन फिल्म ने 12.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी। कुल मिलाकर रिलीज के 3 दिनों में इस फिल्म ने 58 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। फिल्म को लोगों की सकारात्मक चर्चा का खूब फायदा मिल रहा है।
कई प्रशंसकों के लिए अक्षय की भूत बंगला पुरानी यादों का एक अहसास लेकर आई है। प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी ने इससे पहले हेरा फेरी, गरम मसाला, भागम भाग, भूल भुलैया, दे दना दन और खट्टा मीठा जैसी कई पसंदीदा कॉमेडी फिल्में दी हैं। उस पुराने इतिहास की वजह से दर्शकों की उम्मीदें बढऩा स्वाभाविक है, और ऐसा लग रहा है कि लोग एक बार फिर हास्य और अफरा-तफरी के उसी जाने-पहचाने अंदाज का आनंद ले रहे हैं।
इस कहानी के केंद्र में अर्जुन (अक्षय) है, जो लंदन से भारत के एक गांव की यात्रा करता है। उसकी ये यात्रा तब शुरू होती है, जब उसकी बहन को विरासत में एक महल मिलता है। जो यात्रा एक साधारण ट्रिप के तौर पर शुरू होती है, वो जल्द ही एक अजीब मोड़ ले लेती है। फिल्म में राजपाल यादव, परेश रावल, वामिका गब्बी, जीशु सेनगुप्ता और तब्बू ने भी अहम भूमिका निभाई है।
उधर रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 पांचवें हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। पांचवें शनिवार को कमाई में जबरदस्त उछाल के बाद, इसने पांचवें रविवार को भी वही बढ़त बरकरार रखी है। फिल्म की ये धमाकेदार परफॉर्मेंस साबित करती है कि इसमें अब भी दम बाकी है। धुरंधर 2 ने अपनी रिलीज के 32वें दिन 4.60 करोड़ की कमाई की है। इसी के साथ भारत में इसने लगभग 1,115 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

