भुज (गुजरात) 22 April, (Rns) : ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ से पहले भारतीय सेना ने अपनी ताकत और तैयारियों का दमदार प्रदर्शन किया है। सेना की एयर डिफेंस रेजिमेंट ने L70 एयर डिफेंस गनों का प्रदर्शन किया, जो ऑपरेशन के दौरान दुश्मन के ड्रोन हमलों को नाकाम करने में बेहद अहम साबित हुई थीं। इसके साथ ही ड्रोन की ताकत दिखाई और जल एवं जमीन दोनों पर ऑपरेशन का अभ्यास किया।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए एडवांस ड्रोन तैनात किए थे। इनका इस्तेमाल निगरानी के साथ ही टारगेट की पहचान और रियल-टाइम खुफिया जानकारी जुटाने के लिए किया गया। दुर्गम इलाकों में सेना को अपने ऑपरेशन में इन ड्रोन्स से काफी मदद मिली थी।
वहीं अपनी ताकत और तैयारियों के प्रदर्शन के दौरान सेना ने जल-आधारित ऑपरेशनों में भी अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान सैन्य दस्ते ने उथले पानी में तेज गति से चलने वाली असॉल्ट बोट्स के जरिए दुश्मन के खिलाफ कार्रवाई का अभ्यास किया। ऑपरेशन के दौरान इन नावों को हाई अलर्ट पर रखा गया था, ताकि किसी भी दुश्मन जहाज को सीमा के करीब आने से रोका जा सके।
भारतीय सेना ने एम्फीबियस ऑपरेशन यानी जल और थल दोनों का भी अभ्यास। इस दौरान जमीन और पानी दोनों मोर्चों पर दुश्मन पर कब्जा जमाने की रणनीति दिखाई गई। सेना के इस अभ्यास और ताकत प्रदर्शन ने यह साबित किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना ने क्रीक एरिया में जमीन और पानी दोनों जगह अपना दबदबा कायम रखा।

