झाडग़्राम 23 अप्रैल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच झाडग़्राम में आज सुबह एक अनोखा नजारा देखने को मिला। इलाके का गजराज अर्थात चर्चित हाथी रामलाल अचानक एक मतदान केंद्र के पास पहुंच गया। बिन बुलाए मेहमान के आने से केन्द्रीय बल के जवान हो या फिर मतदान कर्मी सब सकते में आ गए। जानकारी के अनुसार झाडग़्राम के जितुशोल आंशिक बुनियादी विद्यालय स्थित मतदान केंद्र के सामने सुबह रामलाल को टहलते हुए देखा गया। हाथी को देखते ही वहां मौजूद मतदाताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। कई लोगों ने मोबाइल से उसकी फोटो ली और वीडियो भी बनाए। हालांकि लोगों की भीड़ और हलचल के बावजूद हाथी आराम से इधर-उधर घूमता रहा। उसे हटाने के लिए पाइप से पानी छिड़क कर भगाने की कोशिश भी की गई, लेकिन उसका ज्यादा असर नहीं हुआ। कुछ देर तक वह सड़क पर घूमता रहा और यहां-वहां पड़े प्लास्टिक के बीच खाने की चीजें तलाशता दिखा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हाथी को सुरक्षित तरीके से वहां से हटाकर जंगल की ओर भेज दिया। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले जंगल में दूसरे हाथी से लड़ाई में रामलाल के पैर में चोट लग गई थी। वन विभाग ने उसका इलाज कर उसे फिर जंगल में छोड़ दिया था। चुनाव के दिन किसी तरह की घटना न हो, इसलिए प्रशासन ने पहले से ही हाथियों पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। इसके तहत करीब 300 वनकर्मी, 25 गाडिय़ां, एलिफेंट ट्रैकर टीम और क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई थी। इसके बावजूद हाथी का मतदान केंद्र के पास पहुंच जाना प्रशासन के लिए हैरानी का विषय बन गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

