नाविकों ने कहा-उनके जीवन में सुनहरे सपने जैसा पल आया
कोलकाता 24 अप्रैल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के चुनावी रण के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। झारग्राम में झालमुड़ी खाने के बाद शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। कोलकाता के गंगा घाट पर उन्होंने बोट की सवारी की और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की। गंगा घाट पर अचानक पहुंचे प्रधानमंत्री को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई थी। प्रोटोकॉल तोड़ते हुए उन्होंने लोगों से मुलाकात की, बातचीत की और एक व्यक्ति को गले से लगाया। प्रधानमंत्री से मिलकर वो शख्स अपनी जिंदगी की परेशानियों को बताते हुए भावुक हो गया। उनकी तस्वीर वायरल हो गई। हुगली नदी में नौका विहार के दौरान नाव चलाने वाले नाविकों और नाव मालिकों ने इस अनुभव को यादगार और भावुक कर देने वाला क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अंतिम समय तक यह जानकारी नहीं थी कि उनकी नाव पर देश के प्रधानमंत्री सवार होने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी को गंगा नदी में नौका विहार कराने वाले नाविक गौरांग बिस्वास ने कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि देश के प्रधानमंत्री उनकी नाव पर बैठेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने यात्रा के दौरान अपने कैमरे से स्वयं तस्वीरें लीं और उनके निर्देश पर नाव को गंगा की बीच धारा तक ले जाया गया।
गौरांग बिस्वास ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल एक बार उनका नाम पूछा और शांत भाव से आसपास के दृश्यों का आनंद लेते रहे। उन्होंने कहा कि वह बेहद खुश हैं और यह अनुभव उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। वहीं, प्रधानमंत्री के दौरे के लिए नाव उपलब्ध कराने वाले नाव मालिक मोहम्मद इफ्तिखार अहमद ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह यहां काम करने वाले एक व्यक्ति ने उनसे सात नावों की मांग की। जब उन्होंने पूछा कि क्या किसी विशेष व्यक्ति के लिए नाव चाहिए, तो उन्हें बताया गया कि कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके बाद सभी नावों को घाट पर तैयार कर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने से लगभग पांच मिनट पहले उन्हें बताया गया कि देश के प्रधानमंत्री आने वाले हैं।
नदिया और दक्षिण 24 परगना में गुरुवार को जनसभाओं को संबोधित करने, बेलूर मठ में दर्शन करने तथा हावड़ा में भव्य रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने रात्रि विश्राम राजभवन ( लोकभवन) में किया। सवेरा होने से कुछ पहले गंगा नदी के किनारे पहुंचे। उन्होंने मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। नौका विहार भी किया और हाथ में कैमरा लेकर नदी तट, हावड़ा पुल तथा आसपास के मनोहारी दृश्यों को कैद किया। उनकी यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गईं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि हर बंगाली के मन में गंगा का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि बंगाल की आत्मा में बहने वाली सांस्कृतिक धारा है। मां गंगा का पावन जल अपने साथ एक पूरी सभ्यता की शाश्वत चेतना को समेटे हुए है। गंगा तट पर बिताए समय के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्थानीय नाविकों और सुबह की सैर पर निकले लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने नाविकों की मेहनत, अनुशासन और कर्मठता की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हुगली के तट पर बिताया गया यह समय मां गंगा के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर था। साथ ही पश्चिम बंगाल के विकास और राज्य की जनता की समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गुरुवार शाम प्रधानमंत्री ने हावड़ा से कोलकाता तक विशाल रोड शो किया, जिसमें जनसैलाब उमड़ा। उन्होंने कहा था कि बंगाल के हर कोने में परिवर्तन की इच्छा स्पष्ट दिखाई दे रही है। शुक्रवार को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

