कोलकाता 24 अप्रैल (आरएनएस)। बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने जा रही है। कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने कहा कि 152 सीटों में से भाजपा 110 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान किया है और पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुई बंपर वोटिंग स्पष्ट रूप से परिवर्तन के समर्थन में पड़ा मत है। उन्होंने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि मतदाताओं ने भाजपा पर अपना विश्वास व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यह अफवाह फैलाई जा रही है कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली माध्यम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषा बोलने वाला होगा। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भतीजा नहीं, बल्कि भाजपा का कार्यकर्ता होगा। उन्होंने चुनाव के दौरान हिंसा के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी और दावा किया कि पिछली बारों की तुलना में इस बार मतदान अधिक शांतिपूर्ण रहा। शाह ने कहा कि 2016 के चुनाव में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के लोकसभा चुनाव में 761 लोग घायल हुए थे, जबकि इस बार पहले चरण में 30 से कम लोग घायल हुए हैं और किसी की मृत्यु नहीं हुई। उनके अनुसार यह दर्शाता है कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें चुनाव आयोग के अनुसार 92.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसे आजादी के बाद राज्य के इतिहास में सर्वाधिक मतदान बताया जा रहा है। भारी मतदान के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होगा, जबकि चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे। अमित शाह ने मतदाताओं से कहा कि वे भयमुक्त होकर अपनी इच्छा से मतदान करें। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, मतदान में रैगिंग न हो, इसकी बहुत अच्छी व्यवस्था चुनाव आयोग ने की है। पुराने चुनाव भूल जाइए, बंगाल के सुनहरे भविष्य के लिए मतदान करें और भाजपा की सरकार बनाएं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

