भोपाल,25 अपै्रल (आरएनएस)। ऐशबाग इलाके में जिम में निवेश करने का झांसा देकर जालसाज ने एक व्यक्ति से 32 लाख रुपए की ठगी कर ली। घटनाक्रम तीन साल पुराना है। फरियादी ने एक साल पहले इस मामले की शिकायत थाने में की। शिकायत की जांच के बाद शनिवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
थाना प्रभारी संदीप पवार के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले कबीश माहेश्वरी प्राइवेट जॉब करते हैं। 2022 में उनकी मुलाकात शुभम गुप्ता से हुई थी। पहले बातचीत हुई और फिर दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोपी युवक ने उसे झांसा देते हुए कहा कि वह अगर जिम के काम में निवेश करता है, तो उसे अच्छा मुनाफा होगा। इसके लिए उसे करीब 32 लाख रुपए का निवेश करना होगा।
आरोपी युवक की बातों में आकर फरियादी ने उसे 32 लाख रुपए दे दिए। रकम लेने के बाद ना तो कोई जिम खोला गया और ना ही रकम वापस लौटाई गई। जब राशि वापस मांगी तो वह धमकाने लगा। इस मामले को लेकर फरियादी ने थाना पुलिस को लिखित में आवेदन दिया था। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शुभग गुप्ता पर एफआईआर दर्ज की। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

