जौनपुर 26 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत प्रदान की है। एक किलोवाट कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को अब बिल भुगतान के लिए एक महीने की मोहलत मिलेगी। इस निर्णय से जौनपुर जनपद के लगभग 1.25 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।यह नई व्यवस्था उन उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिन्हें अचानक बिजली कटने का डर रहता था। इस फैसले से गरीब वर्ग को बिल भुगतान के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, साथ ही बिजली विभाग पर भी कनेक्शन काटने और जोडऩे का प्रशासनिक दबाव कम होगा।
पहले, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड मीटर एक बड़ी समस्या बन गए थे। मात्र 10 या 20 रुपये का बैलेंस कम होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी, जिससे उन्हें अंधेरे में रातें गुजारनी पड़ती थीं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और परिवारों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ता था। एक किलोवाट के उपभोक्ताओं के अलावा, दो किलोवाट वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। उन्हें 200 रुपये का निगेटिव बैलेंस होने पर भी तीन दिन की मोहलत मिलेगी। ऊर्जा मंत्री के इस निर्णय की गरीब और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं ने व्यापक सराहना की है।अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार एक किलोवाट के उपभोक्ताओं को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा, ष्हमारा प्रयास है कि किसी भी गरीब का घर अंधेरे में न रहे। विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं को इस नई समय-सीमा के बारे में जागरूक करें। इसके अतिरिक्त, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने के फैसले से भी लाखों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

