प्रधानाचार्य के जरिए होगा आवेदन, लास्ट डेट 6 मई
प्रयागराज 26 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने के बाद छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों में त्रुटियां सुधारने का अंतिम तिथि जारी कर दी है।
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि यह कदम परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों को बिना किसी गलती के भविष्य की असुविधाओं से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। संशोधन के लिए ऑनलाइन पोर्टल 27 अप्रैल से सक्रिय किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 06 मई सायं 06:00 बजे तक निर्धारित की गई है। छात्र अपने नाम, माता या पिता का नाम, जन्म तिथि तथा परीक्षार्थी की फोटो में हुई त्रुटियों के संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रक्रिया पूरी तरह विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से होगी, जो माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट ह्वश्चद्वह्यश्च.द्गस्रह्व.द्बठ्ठ पर लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप और मैनुअल डाउनलोड करेंगे। इसके बाद आवश्यक संशोधन विवरण भरकर प्रधानाचार्य स्वयं सत्यापन करेंगे और संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर 06 मई तक पोर्टल पर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करेंगे।
परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यालय निर्धारित अवधि में संशोधन के लिए आवेदन नहीं करता है और बाद में अंकपत्र जारी होने के बाद बदलाव की मांग करता है, तो इसे गंभीर लापरवाही माना जाएगा। ऐसे मामलों में शासनादेश दिनांक 26 दिसंबर 2022 के तहत मान्यता समाप्ति जैसी दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

